![]() |
| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करती हुईं स्मृति ईरानी |
दरअसल मानव संसाधन विकास मंत्री का पद गंवाने की असली वजह खुद स्मृति ईरानी ही हैं, इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत हुई एक रूमाल से, ये तो सब जानते हैं कि अपनी तुलसी कितनी गुणी हैं, किसी को भी निराश नहीं करती, सब इनके व्यवहार से खुश रहते हैं, बस छोटी से गलती उनसे ये हो गयी कि अपनी चचिया सास को उन्होंने नाराज़ कर दिया. और उनके बगैर पूछे एक रूमाल की कढ़ाई कर ली. कढ़ाई बड़ी अच्छी हो गयी थी. तभी बा ने उन्हें आवाज़ दे दी. बा की आवाज़ सुनकर तुलसी यानि की अपनी स्मृति भागी भागी उन तक पहुंची. बा के जोड़ों में दर्द हो रहा था.
तभी इधर ट्विस्ट आ गया.. मतलब तुलसी के जेठ जी वहां पहुंच गए जहां स्मृति ने रूमाल को कढ़ाई के बाद रखा था. रूमाल देखते ही वो फ्लैश बैक में पहुंच गए. जब उनकी दुकान पर आए शर्मा जी ने कहा था कि पीएम साहब रैली करने आ रहे हैं गर्मी बहुत है इसलिए अच्छे रूमाल की तलाश है. फिर क्या था जेठ जी के शरीर में जहां कहीं भी बांछे थीं वो खिल उठी. रूमाल लेकर वो फौरन शर्मा जी के पास पहुंच गए
शर्मा जी अपना वेस्पा स्कूटर स्टार्ट ही कर रहे थे कि तुलसी के जेठ जी ने धप्पा मार दिया. कढ़ाई वाली शानदार रूमाल को देखकर वो भी चकित रह गए. साउंड इफैक्ट के साथ एक ही खुशी चार बार दिखाने से वो चार गुनी हो गयी. खैर जेठ जी और शर्मा जी दोनों पीएम की रैली वाली जगह पहुंचे, पीएम बार-बार ग्लास का पानी पी रहे थे और रूमाल की तलाश में इधर उधर देख रहे थे. शर्मा जी ने टाइमिंग की नज़ाकत और नफ़ासत समझते हुए रूमाल फौरन आगे बढ़ा दिया,
पीएम ने चेहरा पोंछा ही था कि उन्हें कुछ जानी पहचानी सी सुगंध आयी. उन्होंने शर्मा जी से कहा कि रूमाल से आ रही सुगंध को तो वो पहचानते हैं. ऐसी सुगंध तभी आती है जब मीटिंग में हमारी मानव संसाधन विकास मंत्री अपना प्रेज़ेंटेशन लेकर आती हैं, हमारी कैबिनेट के सभी लोग इस सुगंध को पहचानते हैं. शर्मा जी ने फौरन जेठ जी को आगे कर दिया.
जेठ जी को देखते ही पीएम बोले.. ओर हो विरानी परिवार के मुखिया. तभी कहूं ऐसा हुआ कैसे.. मैं तो जानता ही नहीं था कि तुलसी इतनी गुणी है. देखिए रूमाल पर कितनी सुंदर कढ़ाई है.. अब समझ में आया बेचारी गलत मंत्रालय में फंसी हुई हैं तभी उनसे इतनी गलतियां हो रही हैं.. कल ही उन्हें सही मंत्रालय में पहुंचाता हूं.. कपड़ा मंत्रालय में उनका मन लग ही जाएगा.. फिर उनसे गलतियां नहीं होंगी..

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें