हमारा भी तो स्टार्ट अप करा दो मोदी जी
प्रधानमंत्री मोदी के स्टार्ट अप इंडिया कार्यक्रम से बीजेपी की आईटी सेल के कई अनुभवी कार्यकर्ता नाराज़ हैं... इन कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री ने जानबूझ कर आईटी सेल जैसे स्टार्ट अप को नज़रअंदाज़ किया है... देश भर के कई शहरों के आईटी सेल में चुनावी माहौल बनाने की कोशिश कर चुके इन युवाओं को प्रधानमंत्री के भाषण से काफी निराशा हाथ लगी है... उन्हें उम्मीद थी कि 16 जनवरी को कार्यक्रम में चुनावों में खासतौर पर उनकी भूमिका को स्वीकारा जाएगा और सोशल मीडिया में माहौल बनाने को भी स्टार्ट अप माना जाएगा... लेकिन मोदी ने उन्हें पूरी तरह नज़रअंदाज़ कर दिया हो जैसे वो खुद अपने दम पर ही चुनाव जीत कर आए हों.. इससे कई युवा कार्यकर्ता नाराज़ भी हैं... "चुनाव के दौरान हमने नई नई गालियां बनाईं... हमारा रोज़ 175 लोगों को गाली देने का टार्गेट होता था... जिसे हमने दिन-रात जाग कर पूरा किया... लेकिन सरकार हमें ऐसे अनदेखा कर रही है जैसे फिल्मी गानों में पीछे नाचने वाले एक्सट्रा... हम एक्स्ट्रा नहीं हैं... बल्कि बेहद अहम हैं..." पूरी घटना से नाराज़ अनिल ने कहा... एक और कार्यकर्ता ने कहा कि पार्टी और देश की खातिर हम बिना बात के भी मीन-मेख निकालने की कोशिश करते हैं... जिसमें काफी मेहनत लगती है... अगर प्रधानमंत्री सोशल मीडिया ट्रोलिंग को उद्योग का दर्जा दे देते तो उसके जैसे हज़ारों युवाओं का भविष्य संवर जाता... " इन लोगों को शक है कि चुनाव हार चुके अरुण जेटली के इशारे पर ट्रोलिंग जैसे अहम विभाग को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है
बीजेपी आईटी सेल के ट्रोलिंग विभाग में इंटर्शनिप करने वाले सुजीत ने बताया कि 16 तारीख के बाद से टीम में काफी निराशा है... कई लड़कों ने सोचा था कि इंडस्ट्री का दर्जा मिलने के बाद वो मुद्रा बैंक से कर्ज़ लेकर कुछ इज़्ज़त भरा काम करेंगे लेकिन पीएम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है... एक सदस्य ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उनकी टीम उन लोगों की लिस्ट लेकर प्रधानमंत्री से मिलने का वक्त मांगेगी जिन्हें गाली दे देकर उन्हें पूरी तरह बदनाम किया जा चुका है... साथ ही इन लोगों ने अपने सीनियर्स पर भी कुछ मोदी विरोधी सेलिब्रेटीज़ को बचाने का इल्ज़ाम लगाया है...
2011 से ट्रोलिंग कर रहे एक सदस्य ने बताया कि उसकी शादी एक बार सिर्फ इसलिए टूट गई क्योंकि शादी के वक्त वो अग्नि के सामने स्वाहा की जगह मोदी मोदी बोल रहा था... लड़की ने जब इस बात पर ऐतराज़ किया तो आदतन उसने दुल्हन को गंदी गालियां बकीं... उसके बाद से उस सदस्य की शादी नहीं हो पाई है... इस सदस्य को भी उम्मीद थी कि स्टार्ट अप इंडिया में ट्रोलिंग की अहमियत समझ कर राष्ट्रीयकृत बैंकों से बिना ब्याज़ लोन दिलवाने का ऐलान करेंगे... लेकिन अब उसका दिल टूट गया है... कुछ सूत्रों ने ये भी बताया कि वो ट्रोलिंग करने के लिए आम आदमी पार्टी और यहां तक कि कांग्रेस के ट्रोल बनने की भी सोच रहे हैं...
[भक्तगण नाराज़ हों तो अपनी बला से, इसे सिर्फ व्यंग्य की तरह लिया गया है, बाकी इसमें जो जानकारी दी गयी है वो हमारे विश्वस्त सूत्रोें ने पहुंचायी हैं और वो 100 फीसदी सही हैं, इसमें कोई बकवास नहीं है]

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें