 |
| दिल्ली में कार पार्किग ने भयानक रूप ले लिया है |
राजधानी दिल्ली में मायापुरी इलाके में दहेज की मांग में एक रिश्ता टूट गया। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों को एक दूसरे का काम पसंद था। लड़का-लड़की भी एक दूसरे को काफी पंसद करते थे। शादी से पहले लड़की के पिता ने लड़के से पूछा कि आप दहेज में क्या लेंगे। तो लड़के का कहना था कि कार पार्किंग की जगह दे दो, दहेज की इस मागं को सुनते ही लड़की के पिता का पारा चढ़ गया, हालांकि उनका ये गुस्सा ज़बान पर नहीं आया क्योंकि वो लड़की वाले थे, इसलिए उन्होंने आराम से लड़के को कहा कि कोई ऐसी चीज बताओ जो मैं आपको दे सकूं, क्योंकि दिल्ली में तो पार्किंग के लिए मर्डर तक हो जाते हैं और फिलहाल शादी तक मैं कोई भी कानून तोड़ना नहीं चाहता, दूसरी बात ये कि इलाके में कार पार्किंग की जगह है ही नहीं और इस कारण से ये मुमकिन ही नहीं है कि आपको दहेज में कार पार्किंग तो छोड़िए स्कूटर पार्किंग की भी जगह दें सकूं, हां पैसे चाहिए तो वो मैं आपको दे सकता हूं
लड़की के पिता ने काफी समझाने की कोशिश की लेकिन लड़का कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था। उसका कहना था कि पार्किंग के लिए जगह देने पर ही वो लड़की से शादी करेगा। बकवास न्यूज से बात करते हुए लड़की के पिता ने कहा कि, ''लड़के वालों की मांग ऐसी है जिसे पूरा नहीं किया जा सकता है। क्योंकि पार्किंग की जगह है ही नहीं, उन्हें खुद घंटों लग जाते हैं घर के आस पास पार्किंग के लिए, कई बार तो पड़ोसियों से मारपीट तक हो चुकी है
 |
| कार पार्किंग की परेशानी से निपटने के लिए जगह का ना होना सबसे बड़ी समस्या है |
वहीं, लड़के ने हमसे बात करते हुए कहा है कि, ''ये लोग शादी में दो कार देने के लिए कह रहे हैं लेकिन मैं इन कारों को कहां खड़ी करूंगा। लड़के के पिता ने कहा कि वो एक कार मेरे लिए और एक कार अपनी लड़की के लिए देंगे। भाई साहब अब आप ही बताओ यहां अपनी गाड़ी की पार्किंग के लिए मारा मारा फिरता हूं, दो नई गाड़ियों के लिए पार्किंग कहां से लाऊंगा, होने वाले ससुर जी मेरी परेशानी तो समझ ही नहीं रहे इसलिए मैं ये शादी नहीं कर सकता
अब सवाल ये है कि दिल्ली में पार्किंग की समस्या से एक रिश्ता टूट गया, क्या इस पर अरविंद केजरीवाल सरकार कोई कार्रवाई करेगी या फिर इसे भी केंद्र की साजिश बताकर अपना पल्ला झाड़ लेगी ?
©BakwasNews
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें