अपनी शादी से पहले ही सोनम कपूर ने अपने पापा और अपने अभी तक आधिकारिक ना हुए पति सहित सबको एक अजीबोगरीब ऐलान कर सकते में डाल दिया है, सोनम ने ठान लिया है कि वो अकेली हनीमून मनाने जाएंगी, सोनम के इस फैसले के बाद शादी की तैयारियों में लगे पापा अनिल, भाई हर्षवर्धन और अर्जुन सहित पूरा कपूर खानदान सिर पकड़ कर बैठ गया है, चाचा संजय कपूर कहते हैं
“मुझे तो शुरू से ही पता था कि ये अपनी शादी में कुछ ना कुछ तो उटपटांग हरकत करेगी, अरे मतलब फैशन के नाम पर कुछ भी पहन लेने और उसकी थोड़ी बहुत तारीफ मिल जाने से कोई स्टाइल आइकॉन तो नहीं हो जाता ना, अब मैं कम स्टाइलिश था क्या, मूछें तक तो मुड़ा ली थी मैंने फिर भी मेरी फिल्में फ्लॉप ही हुई ना, अब कुछ अलग करने के चक्कर में हनीमून पर अकेले जाने को ठीक हरकत कैसे कहेंगे, आप ही बताइए”
बकवास न्यूज़ ने सोनम कपूर से संपर्क करने की बहुत कोशिश की लेकिन उनकी पीए ने बताया कि मैडम ऊपर से नीचे तक मेहंदी में सनी हुई हैं इसलिए वो बात नहीं कर सकतीं, लेकिन बकवास न्यूज़ को सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि उनके होने वाले पति आनंद आहूजा अपना सारा काम धाम छोड़कर उन्हें मनाने में लगे हुए हैं, सूत्रों के मुताबिक सोनम का कहना है कि
“जब मैं सलमान खान के साथ प्रेम रतन धन पायो जैसी फिल्म करने से नहीं हटी तो अकेले हनीमून पर जाने के छोटे से फैसले से क्यों हटूं ?”
बेटी के इस फैसले के बाद अनिल कपूर बेहद परेशान हैं, होने वाले दामाद ने भी गुहार लगायी है अपनी बेटी को समझाओ, गुस्से में आए अनिल कपूर ने सोनम से कहा है कि
“वो उनके अंदर के पिता को जागने पर मजबूर मत करें वरना ठीक नहीं होगा, फ्लॉप फिल्में, अजीबोगरीब कपड़े, ब्वॉयफ्रेंड तक तो ठीक था लेकिन हनीमून पर अकेले जाना वो बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे”
लेकिन बकवास न्यूज़ को बॉलीवड के शाणे कौव्वे ने खबर दी है कि बात कुछ और ही है, दरअसल सोनम कपूर कंगना रनौत से बेहद खफा हैं, इसलिए वो बदला लेने के लिए ऐसा कर रही हैं, क्योंकि सोनम के मुताबिक कंगना अगर क्वीन में अकेले हनीमून मनाने की एक्टिंग कर नेशनल अवॉर्ड जीत सकती है तो वो असल जिंदगी में ऐसा कर भारत रत्न पाने की दावेदारी सरकार के सामने रख सकती हैं
©BakwasNews



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें