मंगलवार को केंद्र सरकार की कैबिनेट की बैठक करीब चार घंटे तक चली, गहन मंथन के बाद कैबिनेट ने सोशल मीडिया को आधार से लिंक करना ज़रूरी कर दिया, सरकार का कहना है कि इससे फेक आईडी वालों की पहचान कर पाना आसान हो जाएगा, सबसे ज्यादा निशाने पर एंजल प्रिया की वाली आईडी है जिसे करोड़ों लोग अपनी पहचान छुपाकर मज़े लेने के लिए कर रहे हैं, सरकार का मानना है कि देश की जनता को ऐसे मज़े लेने का कोई हक नहीं है, वैसे बकवास न्यूज़ को पता चला है कि सरकार के भीतर मौजूद कई लोग फर्जी एंजल प्रिया आईडी का इस्तेमाल कर रहे थे, एक मंत्री ने पहचान छुपाए जाने की शर्त पर बकवास न्यूज़ को बताया कि
“पिछले करीब दो साल से वो भी एक एंजल प्रिया के संपर्क में
है, हाल ही में मिलने की बात भी हुई थी, लेकिन बाद में पता चला कि ये मेरे ही एक साथी मंत्री की आईडी थी जो मुझसे
मज़े ले रहा था, मैंने तो पता नहीं क्या-क्या सपने तक देख
डाले थे, हैरानी की बात ये है कि वो मंत्री मुझे देखकर अक्सर
मंद-मंद मुस्कुराता था आज समझ में आया कि वो ऐसा क्यों करता था”
फर्जी एंजल प्रिया आईडी मिलने पर सजा
कैबिनेट ने ये भी साफ किया है कि अगर एंजल प्रिया की फर्जी आईडी
पायी जाती है तो कम से कम 6 महीने और ज्यादा से ज्यादा 1 साल तक की सज़ा हो सकती
है, रिश्वतखोरी पर लगाम लगाने के लिए ये भी कहा गया
है कि अगर हजार-दो हज़ार में ले दे कर आईडी बंद हो सकती है तो इंस्वेस्टिगेशन
ऑफिसर को इसकी छूट दी गयी है
फेसबुक सहित सभी सोशल मीडिया के लिए आधार जरूरी किए जाने के सरकार
के फैसले के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर हज़ारों लोगों ने प्रदर्शन किया, इनकी मांग है कि सरकार अपना फैसला वापस ले क्योंकि इससे कई
लोगों की ज़िंदगियां जुड़ी हुई हैं, उन लाखों युवाओं के सपनो
के साथ सरकार को खेलने का कोई हक नहीं है, विरोध प्रदर्शन
में शामिल हुए एक शख्स का कहना था कि
“मेरी असल ज़िंदगी में कोई गर्लफ्रेंड नहीं बन पाती, क्योंकि बेरोज़गार हूं, महंगाई इतनी है कि रेस्टोरेंट
पर छोड़िए खोखे पर भी उसे चाय नहीं पिला पाता, यहां भी चाय 8
रूपए की हो गयी है, सरकार अगर रोज़गार नहीं दे सकती, महंगाई को काबू में नहीं कर सकती तो कम से कम हमे फेसबुक पर एक झूठी
लड़की के साथ ही डेट करने दो, क्या पता कभी असली वाली का भी
चांस मिल जाए सरकार से अच्छी तो मोबाइल कंपनियां हैं, डेटा
फ्री दे-दे कर कम से कम हमारा ख्याल तो रख रही हैं”
अब इस विरोध प्रदर्शन का कितना असर सरकार पर पड़ता है ये तो
देखने वाली बात होगी, सरकार भी झुकने के मूड में
बिल्कुल नहीं है, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एंजल प्रिया आईडी
को पहले ही देश के लिए बड़ा खतरा करार दे चुके हैं
---------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------
Disclaimer - बकवास न्यूज़ पर लिखी या दिखायी गयी किसी भी सामग्री का उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ व्यंग्य या कटाक्ष करना है, ना कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना, अगर हमारे लेखों, वीडियो, तस्वीरों से किसी की भी भावनाओं को ठेस पहुंचती है तो बकवास न्यूज़ उसके लिए क्षमाप्रार्थी है, बकवास न्यूज़ किसी भी स्तर पर धर्म, जाति या रंग के आधार पर भेदभाव का समर्थन नहीं करता है, इस पर डाली गयी सामग्री को सिर्फ व्यंग्य या कटाक्ष के तौर पर ही देखा और समझा जाए : टीम बकवास
©BakwasNews


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें