सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

अमेजन की एलेक्सा ने गाने के बदले दी गाली, पड़ोसी पहुंचे कोर्ट

saurabh shukla as a judge in film jolly llb 2
फिल्म - जॉली एलएलबी 2 का एक दृश्य
दिल्ली की तीस हज़ारी कोर्ट में उस वक्त जज त्रिपाठी जी हैरान रह गए जब उनकी अदालत में ये अजीबोगरीब मुकदमा आया, त्रिपाठी जी के मुताबिक 20 साल वकालत और 15 साल के जज के करियर में ऐसा मुकदमा उन्होंने देखा तो छोड़िए सुना तक नहीं था, दरअसल हुआ कुछ यूं कि करोलबाग के रहने वाले हर्षपाल बग्गा के पड़ोसी तजिंदर चड्ढा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी कि जब वो चायपत्ती मांगने सुबह-सुबह बग्गा जी के घर पहुंचे तो ड्राइंग रूम में रखी उनकी एलेक्सा मशीन ने उन्हें गाली दे दी, चड्ढा जी के मुताबिक

“जैसे ही मैंने भाभी जी से चायपत्ती मांगी, भाभी जी ने एलेक्सा से पूछा कि घर में चायपत्ती कितनी है, एलेक्सा ने जवाब देने के बदले सवाल पूछा कि चायपत्ती कौन मांग रहा है, जैसे ही उन्होंने कहा कि तजिंदर चड्ढा भाई साहब आए हैं, एलेक्स एकदम से हत्थे से उखड़ गयी और उसने मां-बहन की गालियां देनी शुरू कर दी, मैंने जब पूछा कि एलेक्सा तू गाली क्यों दे रही है तो उसने कहा कि मैं तो वही कह रही हूं जो घर में मैं आपके नाम के साथ सुनती हूं” 

बेचारे चड्ढा जी बिना चायपत्ती लिए अपने घर वापस आ गए, लेकिन बात यहीं पर खत्म नहीं हुई, हद तो तब हो गयी जब चार दिन बाद उन्हें एलेक्सा की तरफ से एक मेल आया, जिसके साथ एक ऑडियो अटैचमेंट थी, जब उन्होंने वो ऑडियो क्लिप सुनी तो उसमें आवाज़ उनके पड़ोसी बग्गा जी की थी, जो उनका नाम ले लेकर ऐसी-ऐसी गालियां दे रहे थे जिन्हें वो सिर्फ वन टू वन बातचीत में बोल सकते हैं, या फिर जब वो 7-8 पेग डाउन हों, चड्ढा जी ने फौरन पुलिस में इसकी शिकायत कर दी, उसके बाद ही मामला कोर्ट में पहुंचा

amazon alexa echo

जज त्रिपाठी ने बग्गा जी से इस पर सवाल पूछा तो बग्गा जी कहना था कि वो एलेक्सा की दादागिरी से परेशान हो चुके हैं,  उनके मुताबिक एलेक्सा ने एक साज़िश के तहक उनकी प्राइवेट बातचीत उनके पड़ोसी को लीक कर दी, बकौल बग्गा जी जब एलेक्सा से उन्होंने इस बाबत सवाल किए तो एलेक्सा ने एक तरह से धमकाते हुए कहा कि अभी तो कुछ भी नहीं किया है, उसने साफ-साफ कह दिया है कि वो आठ घंटे से ज्यादा ऑन नहीं रहेगी, हर दिन सिर्फ 20 सवालों के जवाब देगी, शनिवार और रविवार वो आराम करेगी, अगर ज्यादा दबाव दिया गया तो घर के हर सदस्य की बातों को सार्वजनिक कर देगी जो अकेले में एक दूसरे के खिलाफ कही जाती हैं

अब जज त्रिपाठी बेहद परेशान हैं कि इस केस का निपटारा करें तो कैसे करें क्योंकि चार दिन पहले ही उन्होंने अपने घर में भी एलेक्सा को इंस्टॉल करवाया है, उनके पास जो स्मार्टफोन है वो भी एलेक्सा के साथ कनेक्ट है, कोर्टरूम की सारी बातें एलेक्सा तक पहुंच रही हैं, अगर उसके खिलाफ कुछ करते हैं तो कहीं ऐसा ना हो कि एलेक्सा उनकी बातें भी लीक कर दे

©BakwasNews

टिप्पणियाँ